बरेली। जनपद के आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरदारनगर मे चार मई को ओवरहेड टैंक गिरने के मामले में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच के लिए गठित समिति की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर निर्माण एजेंसी एनसीसी व थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी बीएलजी कंस्ट्रक्शन को ब्लैकलिस्ट कर किया गया है। ब्लैकलिस्ट रहने तक कंपनी को कोई भी नया काम नही मिलेगा। इस मामले मे निर्माण कंपनी एनसीसी व थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसी के खिलाफ हादसे के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज करवाई गई थी और कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी। बीते शुक्रवार को जलनिगम ग्रामीण की अधिशासी अभियंता कुमकुम गंगवार को निलंबित कर दिया गया था। जलशक्ति मंत्री ने सभी जिलों में निर्मित और निर्माणाधीन टंकियों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और इसके लिए टीपीआई द्वारा टेक्निकल सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट बनाने के भी निर्देश दिए है। कहा है कि परियोजनाओं की उच्चाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें। ब्लैक लिस्टिंग के साथ-साथ निर्माण एजेंसी पर पेनाल्टी भी लगाने के निर्देश जलशक्ति मंत्री ने दिए है। एनसीसी पर योजना की कुल लागत की 5 प्रतिशत पेनाल्टी लगाई गई है। इसके अलावा फर्म खुद के खर्च से नई पानी की टंकी का निर्माण करेगी। टीपीआई एजेंसी पर भी एक प्रतिशत की पेनाल्टी लगाई गई है।।
बरेली से कपिल यादव
