बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज इलाके मे शीशगढ़ निवासी डीएलएड छात्रा नीतू की हत्या का राज खुल गया है। पुलिस ने रविवार रात टियूलिया अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ मे रामपुर जिले के कैमरी थाना क्षेत्र के गांव लखीमपुर भीका निवासी अशोक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी ने बताया कि नीतू दूसरे लोगों से भी बात करती थी और उससे शादी की बात को टाल रही थी। इसलिए उसने छह साल पुरानी दोस्ती भूलकर नीतू की हत्या कर दी। शीशगढ़ के मानपुर गांव की 23 वर्षीय नीतू गंगवार का शव शनिवार दोपहर सीबीगंज में झुमका चौराहे से करीब 400 मीटर अंदर खेत में मिला था। दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या की गई थी। शाम ढले शव की पहचान होने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने वारदात के राजफाश के लिए चार टीमें गठित कर दी। नीतू के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, शहीद गेट के पास रहने वाले उसके मौसा व फरीदपुर स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर की सीसी फुटेज से पुलिस ने आरोपी अशोक को चिह्नित कर लिया। रविवार रात 11 बजे एसओजी व सीबीगंज थाना पुलिस ने अशोक को घेर लिया। उसने भागते हुए फायरिंग की तो जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली अशोक के पैर में लग गई। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पूछताछ में उसने बताया कि मानपुर में नीतू के पिता सोमपाल गंगवार के विद्यालय से उसने हाईस्कूल की पढ़ाई की थी। तभी से उसकी नीतू से दोस्ती थी। उसने हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ दी, पर लगातार नीतू और उसके परिवार के संपर्क मे रहा। नीतू के लापता होने के बाद नीतू की बहन ने पिता को अशोक के बारे में बताया। नीतू के परिवार ने उससे संपर्क किया तो उसने उन लड़कों के नाम पुलिस को बता दिए जिनके मेसेज व कॉल वह नीतू के मोबाइल फोन में देख चुका था। पुलिस भी इससे भ्रमित हुई। हल्द्वानी निवासी हरेंद्र नाम का लड़का भी पकड़ा गया, लेकिन वह बेकसूर निकला। अशोक ने बताया कि नीतू पढ़ाई मे अच्छी थी जबकि वह कोई खास काम नहीं करता था। सजातीय होने के कारण वह नीतू से शादी करना चाहता था। उसे उम्मीद थी कि नीतू भविष्य में या तो शिक्षिका बन जाएगी या फिर अपने पिता का स्कूल संभाल लेगी। उससे शादी होने पर अशोक का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हत्या के वक्त अशोक के मोबाइल फोन की लोकेशन घटनास्थल पर मिली तो उसके प्रति संदेह और बढ़ गया। टोल प्लाजा व कुछ अन्य जगहों से नीतू के साथ बाइक पर जाते अशोक की फुटेज मिली और फोन पर बात के प्रमाण से पुष्टि हो गई।।
बरेली से कपिल यादव
