विद्यार्थियों ने शाला में चित्रों के माध्यम से बिखरते परिवारों को जोड़ने का दर्शाया महत्व

राजस्थान/बाड़मेर-  अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर वेदांता ऑयल एंड गैस केयर्न द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुरोहितो की बस्ती, मूढो की ढाणी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार के महत्व तथा बच्चों के भावनात्मक विकास में परिवारों की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत “खुशियों का घर और हमारा परिवार” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से परिवार के प्रति अपने विचारों और भावनाओं को सुंदर चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों ने सभी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया और परिवार के प्रति उनके जुड़ाव को भावपूर्ण तरीके से दर्शाया।

कार्यक्रम की गतिविधियों एवं मैदान समन्वय की जिम्मेदारी वेदांता ऑयल एंड गैस केयर्न की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व जाह्नवी वर्मा द्वारा संभाली गई। विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण एवं आनंददायक बन गया ।कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की गई। चित्रकला प्रतियोगिता में मोतु ने प्रथम स्थान, निकिता ने द्वितीय स्थान तथा उर्मिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य नरसिंह प्रसाद जांगिड़ ने कहा कि परिवार बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला होती है, जहां उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को परिवारों के महत्व को समझने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *