बरेली। शहर के प्रतिष्ठित संस्थान बरेली क्लब में एक बार सिने स्टार बनने को बेताब युवाओं का मंच सजेगा। क्लब ने 23 मई को ‘मई क्वीन बाल-2026’ प्रतियोगता का निर्णय लिया है। इसके लिए 18 मई तक आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। इस प्रतिष्ठित सौंदर्य एवं प्रतिभा प्रतियोगिता में 16 से 25 वर्ष की अविवाहित लड़कियां ही प्रतिभाग कर सकती है। गुरुवार को क्लब के डायरेक्टर अनंतबीर सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने मई क्वीन बाल प्रतियोगिता का विस्तृत कार्यक्रम पत्रकारों वार्ता के दौरान साझा किया। बताया कि बरेली क्लब लिमिटेड अपने प्रतिष्ठित तीन दशक पुराने सिग्नेचर इवेंट ‘मे क्वीन बाल-2026’ का आयोजन 23 मई को करेगा। इस वार्षिक कार्यक्रम के जरिए प्रियंका चोपड़ा को मिस वर्ल्ड खिताब जीतने की यात्रा पर भेजकर लोकप्रियता हासिल की थी। प्रवेश फार्म कार्यालय समय सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक मिलेगा। इच्छुक प्रतिभागी रामाडा एंकोर बरेली, बरेली क्लब लिमिटेड और रामपुर गार्डन स्थित चावला एंड एसोसिएट्स कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। फॉर्म सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। बरेली क्लब के सेक्रेटरी रिटायर्ड कर्नल कमलजीत सिंह और क्लब के डायरेक्टर राजा चावला ने बताया कि आवेदन पत्र प्रतिभागी को स्वयं भरना होगा और उस पर माता-पिता या अभिभावक के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। साथ ही बरेली क्लब के किसी सदस्य की सिफारिश भी जरूरी रखी गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई तय की गई है। प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों का पहले ऑडिशन होगा। इसके बाद मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड अमन गरेवाल के निर्देशन में प्रोफेशनल ग्रूमिंग और ट्रेनिंग सेशन कराए जाएंगे। फिनाले में प्रतिभागियों को चार अलग-अलग राउंड में स्टेज परफॉर्मेंस देनी होगी, जिसके आधार पर विजेता और रनर-अप चुने जाएंगे। आयोजन समिति के मुताबिक कार्यक्रम में वरिष्ठ नौकरशाह, सेना अधिकारी, कारोबारी परिवार और शहर के गणमान्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में डांस ट्रूप, लाइव सिंगिंग और स्टेज परफॉर्मेंस भी होंगी। आयोजकों का कहना है कि इस बार का आयोजन पहले से ज्यादा भव्य और हाई-प्रोफाइल बनाया जा रहा है, ताकि बरेली की नई प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिल सके।।
बरेली से कपिल यादव
