जिला अस्पताल की इमरजेंसी से स्टाफ नर्स-वार्ड सहायक को हटाया, जांच जारी

बरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी के सामने ठेले पर महिला मरीज ले जाने के मामले में प्रथम दृष्ट्या ड्यूटी में लापरवाही पर वहां तैनात स्टाफ नर्स, वार्ड सहायक को हटा दिया गया है। इस मामले में इमरजेंसी में तैनात रहे सिक्योरिटी गार्ड को पहले ही हटाया जा चुका है। मंगलवार को कार्यालय में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने मरीज के इलाज से जुड़े दस्तावेज देखे। टीम जल्द अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी के सामने का है। इसमें एक बुजुर्ग महिला मरीज को उसका पति ठेले से घर ले जा रहा है और अस्पताल में इलाज नही मिलने का आरोप लगा रहा है। शासन स्तर से मामले की जांच एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल कर रहे हैं। वहीं डीएम के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय कमेटी भी जांच कर रही है। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में जांच कमेटी ने महिला मरीज के इलाज की फाइल देखी। एडीएसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित, डॉ. एलके सक्सेना से भी मरीज के भर्ती होने के बारे में जानकारी ली। शुरूआती जांच के बाद इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स और वार्ड सहायक की लापरवाही मानी गई है। उनको इमरजेंसी वार्ड की ड्यूटी से हटा दिया गया है। एडीएसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड को पहले ही हटा दिया गया है। स्टाफ नर्स और वार्ड सहायक को भी इमरजेंसी वार्ड से हटाकर दूसरी जगह ड्यूटी पर तैनात किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *