बरेली। शहर के कुतुबखाना चौराहे पर गुरुवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची तो बाजार मे अफरा-तफरी मच गई। उद्योग बंधु की शिकायत पर टीम अवैध साप्ताहिक बाजार हटाने का अभियान चला रही थी। टीम के पहुंचते ही फड़ लगाने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपना सामान समेटकर भागने लगे। इसी बीच फड़ विक्रेता की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। गुरुवार की दोपहर को नगर निगम की टीम कुतुबखाना पर लग रहे बिना अनुमति के अवैध साप्ताहिक बाजार को हटाने पहुंची थी। इसी बीच टीम को देखकर रोड किनारे फड़ लगाने वालों में हड़कंप मच गया। वह अपना सामान लेकर इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच शास्त्री मार्केट स्थित मनिहारान पुरानी तहसील के सामने बर्तनों का फड़ लगाने वाले 52 वर्षीय फैयाज पुत्र रियाज निवासी मनिहारान वाली गली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि फड़ विक्रेता को ब्रेन हेमरेज हुआ है। हालांकि, राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि किसी के घायल होने या किसी तरह की क्षति की सूचना हमे नही है। यह महज अफवाह है। दुकानदारों का आरोप है कि अतिक्रमण के नाम पर गरीब फड़ विक्रेताओं पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। वहीं, फैयाज की मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों ने गमगीन माहौल में उनका सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। नगर निगम के अधिकारी अतिक्रमण करनेवालों पर लगातार कार्रवाई कर रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
