बरेली। आसमान मे पूरा दिन छाए हल्के बादल शाम को बरस पड़े। तेज हवा के साथ कई इलाकों में हुई बारिश से रात के तापमान में गिरावट आ गई है। दिन में अधिकतम तापमान 35.1 और रात में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 2, 3 मई को मौसम साफ रहेगा। उसके बाद फिर आसमान में बादल छाने के साथ कई इलाकों में बारिश हो सकती है। रात आई आंधी में कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। गुरुवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे लेकिन दोपहर में धूप निकली। एक दिन पहले हुई बारिश के चलते तापमान में आई कमी का असर दिखा और धूप की तल्खी कम रही। शाम होने के साथ मौसम में फिर बदलाव हुआ। आसमान बादलों से घिर गया और तेज हवा चलने लगी। सिविल लाइंस, सुभाषनगर, सेटेलाइट, श्यामगंज और स्टेडियम रोड पर पहले बारिश शुरू हुई। तेज हवा के साथ करीब आधा घंटा तक बारिश होती रही। उसके बाद डीडीपुरम, प्रभातनगर, एकतानगर, डेलापीर, मिनी बाईपास, परसाखेड़ा में बारिश शुरू हुई। सिविल लाइंस के स्टेट बैंक कॉलोनी के पास आंधी के चलते एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इसकी वजह से काफी देर तक यातायात बाधित रहा। वही गुरुवार शाम को आयी 15 मिनट की तेज आंधी व बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था चौपट कर दी। दो घंटे के लिए शहर में ब्लैकआउट हो गया। शहर के सभी 26 उपकेंद्रों की 33 केवी आपूर्ति दो घंटे करीबन बंद रही। लोग जहां बिजली कटौती से परेशान हुए वहीं मुख्य अभियंता लोगों से धैर्य बनाने की अपील करते रहे वहीं जेई, एसडीओ व एक्सईएन के फोन नहीं उठे। यह हाल तब है जब दो दिन पहले ही फोन उठाने की सभी को शपथ दिलाई गई थी। गुरुवार शाम को आयी आंधी के कारण ट्रांसमिशन से जहां सभी 33 केवी सप्लाई को ऐतिहातन बंद किया गया। वहीं लाइनों पर पेड़ गिरने, जंफर व इंसुलेटर फूंकने के साथ ही डिस पंचर होने के कारण दो घंटे शहर में ब्लैक आउट रहा। रात 11 बजे शहर के सनसिटी, महानगर उपकेंद्रों को छोड़कर शहर के सभी 33 केवी की आपूर्ति बहाल कर दी गई। उपकेंद्रों के कई फीडरों में केवल लोकल फॉल्ट के कारण बिजली कटौती हुई। महानगर व सनसिटी उपकेंद्र का फॉल्ट देर रात तक अधिकारी तलाशने में जुटे रहे। सर्किट हाउस रोड के सामने से गुजरी 11 व 33 केवी की लाइन पर पेड़ की टहनियां गिरने से लाइन ब्रेकडाउन पर चली गई। इस कारण जहां बिजली निगम के मुख्य अभियंता के आवास की बिजली कई घंटे गुल रही। वहीं इस लाइन से अधिकारियों के आवासों को होने वाली सप्लाई भी प्रभावित रही।।
बरेली से कपिल यादव
