बेसमेंट खुदाई से झुका पड़ोस का तीन मंजिला मकान, रोका निर्माण

बरेली। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस स्थित चौपला रोड पर शुक्रवार को निर्माण कार्य मे बरती गई लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां रहने वाली विमलेश कुमारी के तीन मंजिला पक्के मकान के पास चल रही बेसमेंट की खुदाई ने उनके घर की नींव को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो मकान मे दरारें पड़ चुकी थी और पूरा ढांचा एक ओर झुकता नजर आ रहा था। हालात बिगड़ते देख परिवार मे अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। एडीएम सिटी, एडीएम वित्त एवं राजस्व, सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। मकान मे रह रहे तीन परिवारों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही सटे हुए दूसरे मकान मे भी दरारें आने की पुष्टि होने पर उसे भी खाली करा दिया गया। एहतियात के तौर पर निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों को भी हटा दिया गया। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रारंभिक जांच मे सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नही किया गया। बीडीए अधिकारियों के अनुसार, वेद प्रकाश अग्रवाल अपने करीब 600 वर्ग मीटर के प्लॉट पर निर्माण करा रहे थे। नियमों के मुताबिक बेसमेंट खुदाई के दौरान पड़ोसी भवन से कम से कम दो मीटर की दूरी छोड़ना अनिवार्य होता है लेकिन आरोप है कि यह दूरी नही छोड़ी गई। इसके अलावा जहां लगभग छह फीट तक खुदाई की अनुमति थी। वहां आठ से दस फीट तक गहराई मे खुदाई कर दी गई। जिससे पड़ोसी मकान की नींव कमजोर हो गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने निर्माणकर्ता से शिकायत की तो उसने बीडीए से नक्शा पास होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद मामला प्रशासन और पुलिस तक पहुंचा। जिसके बाद जांच शुरू की गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आसपास के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप न करता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया लेकिन इस घटना ने निर्माण कार्यों मे बरती जा रही लापरवाही और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। नगर निगम ने भी भू-स्वामी को नोटिस जारी किया है। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि जांच में स्पष्ट रूप से मानकों का उल्लंघन सामने आया है। बीडीए के ओएसडी अजीत कुमार सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर लापरवाही की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मौके पर बेसमेंट की खुदाई मानकों के विपरीत पाई गई है और नक्शे की भी जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *