बरेली। कोहाड़ापीर क्षेत्र मे नैनीताल रोड और पीलीभीत मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की ओर से दी गई समयसीमा समाप्त हो गई है। 9 और 10 अप्रैल को जारी नोटिस में स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 7 दिन का समय दिया गया था, लेकिन डेडलाइन बीतने के बाद अब निगम प्रशासन कार्रवाई की तैयारी मे है। इस मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के तहत सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते अतिक्रमण हटाया जा रहा है। शुक्रवार को क्षेत्र के कई व्यापारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने के दौरान रोजगार प्रभावित होने की चिंता जताई और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके खिलाफ जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें ताकि किसी प्रकार की सख्ती से बचा जा सके।।
बरेली से कपिल यादव
