होली: शहर मे पेयजल, प्रकाश और सफाई व्यवस्था रहेगी चाक चौबंद

बरेली। होली के चलते नगर निगम ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने विस्तृत कार्ययोजना तय होने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। खासकर उन मोहल्लों को प्राथमिकता देने को कहा है, जहां हर साल जलापूर्ति की शिकायतें मिलती हैं। अभियंताओं को निर्देश दिए कि लीकेज पाइपलाइन, क्षतिग्रस्त वाल्व और खराब मोटरों की मरम्मत होली से पहले हर हाल मे पूरी कर ली जाए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पानी के टैंकर भी तैनात करें। जलकल टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर वार्डों में प्रकाश व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने और अंधेरे स्थानों को चिन्हित कर वहां नई एलईडी लाइटें लगाने के आदेश दिए गए हैं। मुख्य सड़कों, बाजारों और होलिका दहन स्थलों के आसपास रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिससे रात के समय लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो। विद्युत अनुभाग की टीमों को फॉल्ट सुधारने के लिए मोबाइल यूनिट के रूप में तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त त्योहार के दौरान बिजली के अस्थायी कनेक्शन लेने वालों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। कहा कि सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखें।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *