यात्री को आया हार्टअटैक, जीआरपी सिपाही ने सीपीआर दे बचाई जान

बरेली। बिहार के गया जिले से आंवला स्थित मनौना धाम जा रहे रेलवे यात्री को बरेली जंक्शन पर हार्टअटैक आ गया। परिवार वालों की चीख पुकार सुनकर ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी के सिपाही सोमपाल और हरिओम पहुंचे। भीड़ को हटाया। हरिओम ने दिनेश को सीपीआर दिया। तीसरे प्रयास मे सफलता मिल गई और दिनेश की सांसें लौट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। बिहार के गया जिले मे थाना गुरारू क्षेत्र के बहेड़ा गांव निवासी दिनेश मोनिया परिवार के साथ बरेली के आंवला मनौना धाम जा रहे थे। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे अमृत भारत (15567) से बरेली जंक्शन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन रुकी और दिनेश परिवार के साथ उतर गये। तभी अचानक दिनेश के सीने मे तेज दर्द होने लगा। वह कुछ ही क्षण मे प्लेटफार्म पर गिर गये। परिवार के लोग घबराकर चिल्लाने लगे। वहां भीड़ लग गई। प्लेटफार्म पर ड्यूटी पर जीआरपी के सिपाही हरिओम और सोमपाल पहुंचे। भीड़ को वहां से हटाकर यात्री दिनेश की नब्ज टटोली। उनका चेहरा पीला पड़ने लगा था। हरिओम ने तत्काल कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) शुरू कर दी। परिवार वाले दिनेश के हाथ-पांव मसलने लगे। सीपीआर के दो प्रयास में सफलता नही मिली तो आस टूटने लगी लेकिन हरिओम ने हार नही मानी। तीसरे प्रयास मे दिनेश की धड़कनें वापस आ गई और उनके शरीर मे हरकत होने लगी। परिवार वालों के चेहरे पर खुशी लौट आई। दिनेश को तत्काल निजी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टर ने ऐसे केस मे 72 घंटे तक विशेष सावधानी बरतने को कहा है। मरीज का उपचार चल रहा है। वही इंस्पेक्टर जीआरपी सुशील कुमार वर्मा ने बताया हरीओम की तत्परता और सूझबूझ से यात्री की जान बच गई। उनकी लोगों के साथ ही अधिकारियों ने सराहना की। हरिओम को पुरस्कृत कराने के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *