बरेली। रामगंगा नगर मे बनने वाले रुद्रावनम का जनोपयोगी बनाने के प्रयास तेज हो गए है। सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष डॉ. ए मणिकंडन और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने रुद्रावनम (सेंट्रल पार्क) का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने पार्क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से पार्क के सौंदर्याकरण और वहां मौजूद आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया गया। विधायक संजीव अग्रवाल ने पार्क में आने वाले नागरिकों की सहूलियत के लिए नए प्रस्तावों पर चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि पार्क को एक बेहतर मनोरंजन और प्राकृतिक स्थल के रूप मे विकसित करने के लिए नई लाइटें, बैठने की समुचित व्यवस्था और हरियाली को और अधिक सघन बनाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। बीडीए उपाध्यक्ष ने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ठोस कार्ययोजना जल्द से जल्द तैयार की जाए। कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि शहरवासी जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।।
बरेली से कपिल यादव
