बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उनके सीने में दर्द उठा। उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने विधायकों और पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक बुलाई थी। दोपहर करीब दो बजे बैठक खत्म होने के बाद सभी विधायक भोजन कर रहे थे। अचानक विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के सीने में तेज दर्द उठा। वे वही सीना पकड़कर बैठ गए। उन्होंने अपने पास में रखी दवाइयां खाईं लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। सहयोगियों ने तुरंत ही उन्हें पास में ही एक क्लीनिक में भर्ती कराया। वहां से उन्हें मेडिसिटी अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर दिया, वेंटिलेटर पर रखा लेकिन विधायक की हालत बिगड़ती चली गई। करीब तीन बजे उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। विधायक का अंतिम संस्कार आज दोपहर राजकीय सम्मान संग फरीदपुर में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘डॉ. श्याम बिहारी के निधन से उन्हें अत्यंत दुख हुआ है। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।
सीएम आज आएंगे बरेली
डॉ. श्याम बिहारी को श्रद्धांजलि देने के लिए सीएम योगी आदित्यानाथ शनिवार सुबह 10:30 बजे बरेली आएंगे। शोक संतप्त परिवार से मिलकर 11:20 बजे वापस लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे। सीएम ने एक्स पर शोक संवेदना जताई। उन्होंने लिखा डॉ. श्याम बिहारी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
बरेली से कपिल यादव
