बरेली। शनिवार को सांसद संतोष कुमार गंगवार की अध्यक्षता मे विकास भवन में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। सांसद संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि जनपद के विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों को किसी भी कार्य के लिए लिखित में सुझाव देना चाहिए तथा अधिकारियों को और अधिक उत्तरदायी होने की आवश्यकता है। सांसद तथा विधायकों ने बैठक में अवगत कराया कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों मे विद्युत की आपूर्ति रोस्टर के अनुसार नही मिल रही है। सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने कहा कि राशन की रिक्त दुकानों की नियुक्ति की जाए तथा सम्बन्धी कर न रखा जाए। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में अवगत कराया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत कुछ सड़के बनाई गई है। उनकी गुणवत्ता सही न होने के कारण खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि उन सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने पीएमजेएसवाई को निर्देश दिए कि परियोजना निदेशक डीआरडीए के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों के द्वारा बताई गई सड़कों की समीक्षा की जाए और उन सड़कों को दुरस्त किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में हो रहे कार्यों के एजेण्डों की कॉपी जनप्रतिनिधियों को दिशा की बैठक होने से पूर्व उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि नदी, तालाबों आदि की खुदाई की सूची तथा मनरेगा द्वारा किए जा रहे अन्य कार्यों की सूची भी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। बैठक मे विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र सिंह, विधायक फरीदपुर डॉ. श्याम बिहारी लाल, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित समस्त जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
