बरेली। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यो का भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों मे जाकर अधिशासी अभियन्ता निरीक्षण कर उन्हें प्रगति से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि अधिशासी अभियन्ता कुछ गांवों का औचक निरीक्षण करें। जिससे कि कार्य की वास्तविक प्रगति सामने आ सके। जिलाधिकारी बुधवार को अपने कार्यालय मे जल जीवन मिशन से सम्बंधित जिला पेयजल स्वच्छता समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक मे अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण कुमकुम गंगवार ने जल जीवन मिशन के कार्यों से सम्बंधित प्रगति से अवगत कराया। बैठक मे पांच करोड़ रूपए तक की 46 डीपीआर, पांच करोड़ से अधिक लागत की चार डीपीआर जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति द्वारा स्वीकृति के उपरांत शासन को भेजी है। अधिशासी अभियन्ता ने अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत बरेली जिले की 855 पंचायतों के 1405 ग्रामों में जलापूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके क्रम मे जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति द्वारा पूर्व में 329 ग्राम पंचायतों के 446 गांवों की डीपीआर स्वीकृति हेतु राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन को प्रेषित की गई थी, जिनमें से 255 योजनाओं की डीपीआर राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा स्वीकृत की जा चुकी है। वर्तमान में 208 योजनाओं पर कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बैठक में कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
