बरेली। शुक्रवार को थाना शाही पुलिस ने बिजली का तार काटकर घरों में अंधेरा करने वाले चार चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1500 मीटर बिजली का तार बरामद हुआ है। करंट दौड़ती विद्युत लाइन मे लोहे की जंजीर डालकर फाल्ट करते थे। फाल्ट के बाद लाइन बंद होने पर बिजली का तार काटकर ले जाते थे। यह काफी समय से घटना को अंजाम दे रहे थे। दो दिन पहले भी इन्होंने विद्युत लाइन से तार काटकर चोरी किया था। पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद जेल भेज दिया। काफी समय से जिले मे विद्युत तार चोरी की घटनाएं सामने आ रहीं थी। 11 अप्रैल की रात थाना शाही क्षेत्र की विद्युत लाइन से सात जगह बिजली तार की चोरी की गई थी। इससे इलाके के घरों में बिजली ठप हो गई। बिजली विभाग ने काफी मुश्किल से नया बिजली तार डालकर विद्युत सप्लाई शुरू कराई। अफसरों ने शाही थाने मे बिजली तार चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस बिजली तार चोरों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को थाना शाही पुलिस ने बुझिया माइनर के पास नारायण दास के खेत मे बने खंडहर से शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव निवासी आजाद मौर्य, कमल कुमार, सोमपाल और बहेड़ी थाना क्षेत्र के अशोक पिंडारी निवासी तेजपाल मौर्य को 1500 मीटर तार के साथ गिरफ्तार किया। इसमे कमल, सोमपाल और तेजपाल के खिलाफ पुराने भी विद्युत अधिनियम के मुकदमे दर्ज है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए 1500 मीटर बिजली तार की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
