बरेली। गुरुवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से श्मशान घाट रेलवे क्रॉसिंग का बूम टूटने से पौन घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। आरपीएफ ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गुरुवार की रात करीब आठ बजे गेटमैन ने ट्रेन गुजारने के लिए फाटक को बंद किया। इसी दौरान बाकरगंज की ओर से तेज रफ्तार से गुजर रहे ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मारकर बूम तोड़ दिया। रेल कर्मचारियों और आरपीएफ के जवानों ने आरोपी ट्रैक्टर चालक प्रेमशंकर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। उसकी ट्रैक्टर ट्राली भी कब्जे मे ले ली। इस घटना के चलते करीब एक घंटे तक ट्रेनों को कॉशन मेमो पर गुजारा गया। रात मे इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बूम सही किया। तब तक चेन बांधकर ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीके सिसोदिया का कहना है कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।।
बरेली से कपिल यादव
