बरेली। शनिवार को अब बिथरी चैनपुर इलाके मे एक तेंदुआ दिखाई दिया है। तेंदुए के दिखते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों ने अपने खेतों पर भी जाना छोड़ दिया है। फिलहाल मौके पर पुलिस फोर्स और वन विभाग की टीम मौजूद है। तेंदुए की तलाश लगातार जारी है। वन विभाग की टीम के अनुसार बिथरी चैनपुर के क्षेत्र के गांव कचौली और उगनपुर के पास से गुजरने वाली नहर के आसपास खेतों मे देखा गया है। बताया जा रहा है कि गांव के ही कुछ लोग जब दोपहर में करीब 12 बजे खेतों पर घूमने गए तो उन्होंने पेड़ों के नीचे एक तेंदुए को बैठा देखा। तेंदुए को देखते ही गांव वाले पसीने-पसीने हो गए। किसी ने जल्दबाजी में सबूत के तौर पर एक फोटो भी खीच लिया। जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। फिहलाल टीम अब तेंदुए की तलाश में जुटी है। मगर अब तेंदुआ उस जगह पर नही है। जहां उसे गांव वालों ने देखा था। वन विभाग के अधिकारियों की माने तो बीते दिनों जो तेंदुआ भुता और नवाबगंज मे देखा गया था। वहीं तेंदुआ यहां भी होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को ट्रैक करने की तैयारी में जुटी है।।
बरेली से कपिल यादव