रोहतक रैली फीकी रहने से भाजपा नेताओं के चेहरों पर रौनक गायब

*कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार ही संस्कार-मोदी
*कांग्रेसी नेताओं ने किसान की जमीन कौड़ियों के दाम पर हड़पी
*कांग्रेस के शासन में नौकरियों की रेवड़ी खूब बांटी गई
*वन रैंक वन पेंशन को कांग्रेस ने 4 दशकों से लटका रखा था, उसे भाजपा सरकार ने लागू किया

रोहतक/हरियाणा- रोहतक में भाजपा द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली भीड़ के हिसाब से रैली में 4 जिलों से करीब 20 हजार से भी कम लोग पहुंचे। कुर्सियां खाली रह गई। रैली स्थल पर सरकारी कर्मचारियों को बुलाया गया था ताकि भीड़ का आंकड़ा ज्यादा दिखाया जा सके। इसी कारण भाजपाईयों के चेहरों की रंगत उड़ी हुई थी। दूसरी ओर गोहाना में कांग्रेस की रैली में लाखों लोग शामिल होने से और भाजपा की रैली फीकी रहने से भाजपा नेताओं के चेहरों पर रौनक गायब दिखी।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी ने वहां मौजूद जनता से कहा कि राष्ट्र रक्षा के लिए हर पल तैयार रहने वाले, मिट्टी से सोना उगा कर देश का पेट भरने वाले और खेल के मैदान में भारत को गौरव दिलाने वाले हरियाणा और रोहतक के सभी लोगों को मेरा नमस्कार।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती ने मुझे पाला है। इस धरती ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। भारत की अर्थव्यस्था दुनिया के छठे नंबर पर है। सबसे तेज मोबाइल फोन और ट्रेन भारत में ही बन रही है। भारत के पास स्पेस में भी सर्जिकल स्टाइक की क्षमता है। आज पूरी दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत है। 2014 में भारत आर्थिक ताकत के रूप में दुनिया में 11वें नंबर था, आज छठे नंबर पर है और पांचवें नंबर पर आने लिए कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार ही संस्कार है। पीएम मोदी ने बिना नाम लिए रॉबर्ट वाड्रा पर भी निशाना साधा। मोदी ने कहा कि हरियाणा की भाजपा संस्कार ने रेवड़ी बांटना बंद किया है। रोहतक और गोहाना की रेवड़ी बहुत मशहूर है। मैं जब यहां था तो मैंने भी खूब खाई थी लेकिन यहां कांग्रेस के शासन में नौकरियों की रेवड़ी खूब बांटी गई।
दिल्ली में जो कांग्रेस के नामदार हैं, उनके जो रिश्तेदार हैं, उन्होंने यहां के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ मिलकर क्या-क्या गुल खिलाए हैं, ये सारा देश जानता है। किसान की जमीन कौड़ियों के दाम पर हड़प ली और फिर उस पर भ्रष्टाचार की खेती की गई। कांग्रेस की इसी कर्मों का परिणाम है कि 2004 से लेकर 2014 तक पाकिस्तान के आतंकी भारत में हमले रहे और कांग्रेस की कमजोर सरकार रोती रही। आपके इस चौकीदार ने इस नीति को बदला है। आज हमारे सपूतों को हमने खुली छूट दी है, सीमा में बांधकर नहीं रखा है।
पीएम ने कहा कि देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत हो या आपके हाथ में मोबाइल फोन आज सब भारत में ही बन रहा है। अब भारत ने जल थल नभ के साथ साथ अंतरिक्ष में भी सर्जिकल स्ट्राइक करने की क्षमता प्राप्त कर ली है। बीते पांच सालों में भारत ने जो कुछ हासिल किया, वो आपके एक वोट ने किया है। ये आपके वोट की ताकत है, ये सब कुछ हरियाणा के मजबूत इरादों ने किया है। आपने 2014 में दिल्ली में एक मजबूत और ईमानदार सरकार न बनाई होती तो ये संभव न होता।
पीएम मोदी ने कहा कि आपको कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहने की जरुरत है। कांग्रेस ने 70 साल तक देश कैसे चलाया है, उनका दिमाग कैसे चलता है। उनकी खोपड़ी में कैसा अहंकार भरा है, ये कल केवल 3 शब्दों में उन्होंने खुद ही समेट दिया। उनका कहना था कि कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार को आगे बढ़ाने के लिए समर्थ लोगों का अपमान किया जाता है, उनकी पहचान ऊपर नहीं उठने दिया जाता है। भाखड़ा नांगल डैम की सोच सर छोटूराम की थी लेकिन उनको कभी इसका क्रेडिट ही नहीं दिया गया।
पीएम ने भाजपा कार्यकर्त्ताओं को कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहने की जरुरत है। कल कांग्रेस के बड़े नेताओं में से एक ने कहा कि 1984 का सिख दंगा हुआ तो हुआ। ये नेता गांधी परिवार के सबसे बड़े राजदार हैं, ये राजीव गांधी के अच्छे दोस्त और राहुल गांधी के गुरु हैं। इनके लिए जीवन का कोई मूल्य नहीं है।
मोदी ने कहा कि जब समझौता ब्लास्ट हुआ था तो पाकिस्तान के आतंकियों को भगा दिया गया और निर्दोष लोगों को फंसा दिया। कांग्रेस के दरबारियों ने जोर जोर से चिल्लाना शुरु किया कि ये हिंदू आतंकवाद है। उन्होंने कहा कि जिस वन रैंक वन पेंशन को कांग्रेस ने 4 दशकों से लटका रखा था, वह भाजपा की सरकार द्वारा ही लागू किया गया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने वर्षों से हमारे जवानों को बुलेट प्रूफ जैकेट के लिए तरसा रखा था, इन्हें जवानों की परवाह नहीं थी। हमारी सरकार बनने के बाद हमने इसे भी पूरा किया। मैं उनको याद दिलाने आया हूं कि कांग्रेस के नामदारों के कारण जो पाप 1984 में हुआ, उसका न्याय देने का काम हमारी सरकार कर रही है। पहली बार सिख दंगों में न्याय हुआ है, दोषियों को उम्रकैद और फांसी की सजा हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहतक में मेला ग्राऊंड के पास बने हैलीपैड पर 12 बजकर 40 मिनट उनका हेलीकॉप्टर लैंड किया। उनके साथ तीन हेलीकॉप्टर का काफिला आया था। मंच पर पहुंचने पर उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया।
रोहतक-पानीपत हाइवे पर स्थित मेला ग्राऊंड में रैली के लिए 5 हजार 500 वर्ग गज में तीन पंडाल बनाए गए थे। मुख्य पंडाल को दो सेक्टर में बांट कर 5-5 हजार कुर्सी लगाई गईं जबकि दोनों साइड वाले पंडाल में पांच-पांच हजार कुर्सी लगाई गई। रैली में पीएम मोदी के भाषण को लाइव दिखाने के लिए नौ स्क्रीन लगाई गई थी।
पीएम रोहतक में ठीक सात माह बाद जनसभा को संबोधित करने आए। मोदी साल 2018 में नौ अक्टूबर को सांपला आए थे। यहां उन्होंने दीनबंधू सर छोटूराम की 64 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया था।
रैली स्थल को भाजपा के झंडों से सजाया गया था। रैली स्थल और इसके आसपास कड़ी सुरक्षा की गई थी। स्थानीय पुलिस के अलावा एसपीजी और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था।
भाजपा के लिए इस बार रोहतक सीट बेहद अहम हो गई है। अपने मिशन10 को पूरा करने के लिए पार्टी रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ तोड़ना चाहती है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां रैली कर रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ भाजपा ने अरविंद शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है।
मंच पर हरियाणा के लोकसभा प्रभारी कलराज मिश्र, प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, कैबिनेट मंत्री कविता जैन, रोहतक लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा, सोनीपत के लोकसभा प्रत्याशी रमेश कौशिक, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, सह प्रभारी विश्वास सारंग और प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट मौजूद थे।

-अनूप कुमार सैनी/हर्षित सैनी,रोहतक ,हरियाणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।