गहलोत ने भाजपा पर साधा निशाना: चुनाव में भाजपा का टूटेगा घमंड

राजस्थान- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। गहलोत और पायलट दोनों ने ही शाह की शैली पर आपत्ति जताई। पायलट ने कहा, शाह की शैली अमर्यादित है और भाजपा में खींचतान साफ नजर आ रही है। एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को जयपुर आए अमित शाह ने कांग्रेस व सहयोगी दलों के गठबंधन के बारे में कहा था कि एक-एक साल के 21 बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्या मुकाबला करेंगे। शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा था तथा कहा था कि राजस्थान में भाजपा सरकार को कोई हिला नहीं सकता।

गहलोत ने कहा कि शाह ने ओछी भाषा का इस्तेमाल किया। इसमें उनका घमंड साफ दिख रहा है। जनता आगामी चुनावों में यह घमंड तोड़ेगी। गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में वे पहली मुख्यमंत्री हैं जो या तो दिल्ली में रहती हैं या धौलपुर में, जयपुर में कब होंगी यह पता करना पड़ता है। राजे ने झूठ का पिटारा खोल दिया है। राजे को पत्थर लगाने का शौक है।

यह पूछे जाने पर कि शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, गहलोत ने कहा, शाह का ज्ञान बहुत कमजोर है। कांग्रेस ने किसी भी चुनाव में कभी भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया। उन्हें यह पता होता तो वे ऐसी बात नहीं करते। उनकी राजस्थान के बारे में भी जानकारी बहुत कम है। गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे के आगे शाह को झुकना पड़ा। लाख कोशिश के बाद भी वे गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नहीं बनवा पाए।

वहीं सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा ने वोटर का अपमान किया है। जहां तक शाह की बात है तो वे मुद्दों से भटक चुके हैं। बंद कमरे में कार्यकर्ताओं से ताली बजवाना कोई बड़ी बात नहीं है। अगर वे गांव में, जनता के बीच जाएंगे, उनकी हालत के बारे में जानेंगे तो उनका मन ही बदल जाएगा। पायलट ने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई सत्ताधारी विपक्ष पर आरोप लगा रहा है। वहीं भाजपा में खींचतान देखने को मिल रही है। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपुर में है और मुख्यमंत्री राजे जयपुर से बाहर।

अमित शाह ने यह कहा था:-
जयपुर आए अमित शाह ने कांग्रेस व सहयोगी दलों के महा गठबंधन को ढकोसला बताया था। उन्होंने कहा, एक-एक साल के ये 21 बच्चे मोदी का क्या मुकाबला करेंगे। उन्होंने कांग्रेस को देश को असुरक्षित करने वाली पार्टी बताया। आगामी विधानसभा चुनाव को ट्रेलर बता शाह ने कहा, 2019 का आम चुनाव फिल्म होगी। भाजप अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार अंगद का पांव है उसे कोई उखाड़ नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।