उत्तराखंड : थराली उपचुनाव की जंग में बीजेपी की मुन्नी देवी ने की जीत दर्ज

उत्तराखंड : थराली के लोगों ने सरकार का कामकाज सराहा यह प्रतिक्रिया जीत पर उत्तराखंड के सीएम ने दी। प्रतिष्ठा का सवाल बनी थराली विधानसभा के उपचुनाव की जंग भाजपा ने जीत ली है। पार्टी प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह ने 1872 के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक प्रो जीतराम को हराया। उपचुनाव में खड़े यूकेडी कस्वी लाल, माकपा के कुंवर राम और निर्दलीय बीरी राम को करारी शिकस्त मिली। 15 चरणों की गिनती के बाद नतीजा घोषित किया गया। थराली सीट के लिए 28 मई को हुए 53 प्रतिशत मतदान में क्षेत्र के लोगों ने अच्छी खासी संख्या में नोटा का बटन भी दबाया। भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह थराली के तत्कालीन विधायक रहे मगन लाल शाह की धर्मपत्नी हैं। मगन लाल शाह के निधन से ही यह सीट खाली हुई थी। इस बीच, थराली की जीत पर भाजपाइयों में खुशी की लहर छा गई। दून स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरित कर खुशी मनाई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने थराली की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं सहित आम जनता को बधाई दी है। सचिवालय के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि थराली की जनता ने सरकार के कामकाज को सराहा है। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव आमने-सामने के मुद्दों पर लड़ा गया। उन्होंने पार्टी की ओर से जीत का सूत्रधार राज्यमंत्री डा धन सिंह रावत को बताया।
मतगणना के शुरुआती चरणों में बीजेपी प्रत्याशी मुन्नी देवी ने अच्छे मत पाकर बढ़त बना ली थी, लेकिन अगले चरणा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रो जीतराम ने जोरदार वापसी की। उन्होंने न सिर्फ बढ़त के अंतर को खत्म किया बल्कि करीबी अंतर की बढ़त बनाने में भी कामयाब रहे। इसके बाद मतगणना के अंतिम चरणों में मुन्नी देवी शाह ने फिर से बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। 13 चरणों की मतगणना पूरी होने पर भजापा की मुन्नी देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी पर 1144 मतों की बढ़त बना ली थी। मुन्नी देवी को 13वें चरण की मतगणना पूरी होने पर कुल 22200 मत मिले, वहीं कांग्रेस के जीत राम को 21056 मत मिले। चौहदवें चरण में मुन्नी देवी ने बढ़त को 1921 तक पहुंचा दिया।
इससे पहले जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर कुलसारी के इंटर कॉलेज में मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू कर दी थी। मतगणना कार्यों को पूरा करने के लिए नियुक्त सभी कार्मिक सुबह छह बजे मतगणना स्थल राइका कुलसारी मे पहुंच गये थे। मतगणना के लिए लेखा एवं वित्त से जुड़े 49 कार्मिकों को नियुक्त किया गया था। मतगणना के लिए 12 टेबल लगायी गई थी। प्रत्येक टेबल पर एक-एक मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक एवं माइक्रो आब्जर्बर की तैनाती की गयी है, जबकि डाक मतपत्रों की गणना आरओ टेबल पर की गई। इसके लिए 5 कार्मिक लगे। थराली विधानसभा क्षेत्र के 177 बूथों पर पड़े मतों की गिनती की गई। एक बूथ देवसारी में वोटिंग नहीं हुई थी। क्षेत्र के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया था।

-पौड़ी से इन्द्रजीत सिंह असवाल की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।