होमगार्ड भर्ती की दौड़ में एक अभ्यर्थी हुआ बेहोश, दूसरे के पैर में फ्रैक्चर

बरेली। जनपद के स्पोर्ट्स स्टेडियम मे चल रही होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान शनिवार को फर्रुखाबाद जिले के निवासी दो अभ्यर्थी घायल हो गए। एक युवक को दौड़ते समय चक्कर आया, जबकि दूसरे के पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बागड़िया निवासी 25 वर्षीय सुरजीत सिंह ने बताया कि वह दौड़ में शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि दौड़ के दसवें चक्कर के दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वे गिर गए। सुरजीत ने स्नातक तक पढ़ाई की है और यह उनकी दूसरी भर्ती थी। बेरोजगारी के कारण सरकारी नौकरी की उम्मीद में वे इस दौड़ मे शामिल हुए थे। इस हादसे के बाद उनकी नौकरी की उम्मीद को झटका लगा है। वहीं, फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला हीरा सिंह निवासी 20 वर्षीय युवराज सिंह भी घायल हुए। युवराज ने बताया कि दौड़ पूरी होने से पहले उनके पैर से हड्डी चटकने की आवाज आई। इसके बाद वे गिर पड़े। जांच में उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। युवराज सिंह ने कहा कि पहली बार भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने आए थे। उन्होंने बीएससी की है और सरकारी नौकरी की तलाश में थे। उनके पिता ज्योति सिंह किसान है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *