हादसे में घायल बच्ची की मौत, चार की हालत गंभीर

रामनगर, बरेली। आंवला-रामनगर मार्ग पर मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में घायल बच्ची की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के समय ऑटो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। मंगलवार को किटौना से ट्रैक्टर-ट्राली से श्रद्धालु गौरीशंकर गुलड़िया धाम जलाभिषेक करने गए थे। वहां से लौटते समय देर शाम रामनगर और मऊ चंदपुर के बीच ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई थी। ट्राली से बचने की कोशिश में टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया था। टेंपो में बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसकी पहचान बुधवार को आसिफ निवासी मोहल्ला सईदान नगर आंवला के रूप में हुई है। वह अपनी ससुराल से लौट रहा था। वहीं, ट्रैक्टर-ट्राली में सवार 24 लोग घायल हो गए थे। बुधवार को घायल बच्ची मीनाक्षी उर्फ गुंजन पुत्री राजू (12 साल) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची कक्षा सात की छात्रा थी और वह दो भाई-बहन थे। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। अभी चार बच्चों अजय, वीरेश, उपदेश तथा अनिल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जो अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *