Breaking News

स्वंम सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं कर रही है अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़

मध्यप्रदेश/ रायसेन – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जिले की महिलाएं स्व-सहायता समूह बनाकर छोटे-छोटे व्यवसाय चलाकर न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं बल्कि गांव की दिशा-दशा बदलने में भी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही हैं। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं पुरूषों द्वारा की जाने वाली परम्परागत खेती में भी अपना योगदान दे रही हैं। औबेदुल्लागंज तहसील के ग्राम लुलका के स्व-सहायता समूह की महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसायों के साथ ही गांव में वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर जैविक कृषि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महिला स्व-सहायता समूह की आशा उईके तथा सुनीता नंदवशी ने बताया कि गांव में किसानों द्वारा परम्परागत खेती करने से खेती में लागत ज्यादा आती थी और लाभ भी कम होता था, जिस कारण उनका खेती की ओर रूझान कम हो गया था। गांव के अधिकांश छोटे किसान स्टोन क्रेशर पर मजदूरी करने जाने लगे थे। गांव की महिलाओं ने आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद स्व-सहायता समूह बनाया। समूह की महिलाओं ने आजीविका के लिए छोटे-छोटे व्यवसाय चलाने के साथ ही जैविक खेती करने का भी निर्णय लिया और इस संबंध में कृषि विभाग में सम्पर्क किया। गांव में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए आत्मा परियोजना के तहत समूह की 50 महिलाओं को वर्मी कम्पोस्ट बनवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त गांव में 30 किसानों ने स्वयं वर्मी कम्पोस्ट बनवाएं हैं।
उन्होंने बताया कि जैविक खेती करने के कारण खेती की लागत में कमी आई है तथा पहले की अपेक्षा उत्पादन भी बढ़ा है। अब गांव के अन्य किसान भी जैविक खेती को अपनाने के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं। गांव के अनेक छोटे किसान जो खेती से पर्याप्त लाभ नहीं होने के कारण स्टोन क्रेशर पर काम करने जाते थे, अब वे भी जैविक खेती से बढ़ते हुए उत्पादन और लाभ को देखकर खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। स्व-सहायता समूह की सुनीता नंदवंशी ने बताया कि अब वह अन्य जिले की महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए जाती है और उसे इसके लिए एक हजार रूपए प्रतिदिन का मानदेय भी मिलता है। महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल द्वारा विगत दिनों औबेदुल्लागंज विकासखण्ड में आयोजित कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की इन महिलाओं की सराहना करते हुए सम्मानित किया गया था।
दुर्गाप्रसाद सूर्यवंशी ,नलखेड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *