साइबर सुरक्षा एवं भाषा अधिगम पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की प्रभावशाली लघु नाटिकाएँ

*कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में संकुल बैठक संपन्न

* एल एल एफ फाउंडेशन ने भी किया सक्रिय प्रतिभाग, की विस्तृत चर्चा और बांटे हैंडआउट

बरेली। बीएसए डॉ विनीता और बीईओ फरीदपुर के निर्देशन में कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, फरीदपुर में संकुल बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षण की गुणवत्ता, निपुण भारत मिशन, आधारशिला कार्यक्रम, एफएलएन भाषा एवं गणित शिक्षण, साइबर सुरक्षा तथा कक्षा-कक्ष में नवाचारी शिक्षण पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में लेंगुएज एंड लर्निंग फाउंडेशन के जिला समन्वयक हनुमान एवं ब्लॉक समन्वयक सुश्री मेनका ने अपने विचार रखते हुए शिक्षकों को गतिविधि-आधारित शिक्षण, भाषा एवं गणित के अधिगम परिणामों में सुधार तथा प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने आधारशिला कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत मूल्यांकन तथा बच्चों की व्यक्तिगत सीखने की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षकों को हैंड आउट्स भी वितरित किए।बैठक का मुख्य आकर्षण विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत साइबर सुरक्षा विषयक जागरूकता लघु नाटिका रही, जिसमें बच्चों ने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा ऑनलाइन सतर्कता का प्रभावशाली संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अंग्रेजी शब्दावली पर आधारित एक रोचक एवं शिक्षाप्रद लघु नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों को गतिविधि-आधारित भाषा शिक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 7 के छात्र प्रज्ञन्य शर्मा एवं कक्षा 8 की छात्रा रोहणी ने अत्यंत प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से किया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। बैठक के अंत में नोडल संकुल शिक्षक जलालुद्दीन तथा कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा ने सभी अतिथियों, एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक बैठकों से शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। सभी प्रतिभागियों ने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों की सफल प्राप्ति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। संकुल बैठक में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उपस्थित शिक्षकों में जलालुद्दीन, रवि विशाल, सरोज द्विवेदी, सीमा गौड़, मीनाक्षी शर्मा, आशा कुमारी, प्रीति यादव, योगेश सक्सेना, पूनम रानी, महेंद्र कुमार, जागेंद्र कुमार, अक्षय मिश्र, कपिल जायसवाल, लालता सागर, नीलम, जानवती, पंकज प्रकाश, किरणलेखा कश्यप, विनोद कुमार, अशोक चौल, मुल्ला लाल, नरेंद्र चावला, हरीओम शर्मा, विशाल मिश्रा, ब्लॉक समन्वयक मेनका यादव, जिला समन्वयक प्रभात सिंह यादव, सौरभ कुमार सिंह, डॉ. अमित शर्मा तथा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने बैठक में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *