सर्राफ की दुकान से बैग चुराने के आरोपी पकड़े, रेकी के बाद वारदात को देते थे अंजाम

आंवला, बरेली। जनपद के आंवला कस्बा निवासी व्यापारी की दुकान से नोटों भरा बैग चुराने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। मध्य प्रदेश के गुना जिले के सिंगवासा गांव निवासी हरेन को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में आरोपी के दो नाबालिग सहयोगियों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस ने चोरी किए गए 74,000 रुपये नकद, व्यापारी का बैग और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक को सीज कर दिया है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मनौना बाइपास रोड स्थित धार्मिक स्थल के पास से दो नाबालिगों को पकड़ा गया। आरोपी समीप में चल रही नुमाइश में चोरी की फिराक में थे। उनके पास से 20-20 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने सराफा व्यापारी की दुकान से 84 हजार रुपयों से भरा बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अलीगंज रोड स्थित पुलिया के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान दो आरोपी बाइक पर बैठकर भाग गए। हरेन को पकड़ लिया गया। हरेन के पास से 34,000 रुपये बरामद हुए। उसने फरार आरोपियों के नाम देवर कुंडी और छोटे राजा बताए गए हैं। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि नौ जुलाई को कस्बे के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी सराफा व्यवसायी मनोज खंडेलवाल की दुकान से रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया था। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से पुलिस की टीम खुलासे के लिए लगी हुई थी। 300 से ज्यादा सीसी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। सीओ के मुताबिक आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर डेरा डालते हैं। इस समय इनका डेरा बरेली के कैंट इलाके में है। यह लोग इस तरह की वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो जाते है। नौ जुलाई को उन्होंने सराफा व्यापारी की दुकान की रेकी की। इसके बाद योजना के तहत किशोर को दुकान के अंदर भेजकर बैग चोरी करवा लिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *