बरेली। मुरादाबाद के सर्किट हाउस में नमाज विवाद को लेकर केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सपा पर जमकर निशाना साधा। लाइंस क्लब बरेली मेल्विन जॉन्स की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी गेस्ट हाउस नमाज पढ़ने की जगह नहीं है, इसके लिए मस्जिद और घर ही उपयुक्त है। मुरादाबाद मामले में प्रशासन कानून और नियमों के तहत ही कार्रवाई कर रहा है। पीलीभीत बाईपास पर आयोजित कार्यक्रम में बीएल वर्मा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। बंद स्कूलों में सपा की गोष्ठियों के ऐलान पर उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो को अपना चश्मा ठीक से लगाने की जरूरत है। चश्मा सही होगा, तो उन्हें भाजपा की डबल इंजन सरकार का विकास साफ नजर आएगा। केंद्रीय मंत्री बोले, 2017 से पहले राज्य में सपा की सरकार थी और उस समय की शिक्षा और कानून व्यवस्था के हालात का सच सभी को पता है। सपा राज में भर्तियों में ‘सैफई से लिस्ट’ आने की बातें कहीं जाती थीं। यूपी में भाजपा सरकार में युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से नौकरी मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास का उल्लेख किया। कहा कि कांग्रेस और पूर्ववर्ती सरकारे दशकों में जितने काम नहीं कर सकी, उससे कहीं ज्यादा काम मोदी सरकार ने करके दिखाए है। सहारनपुर मामलों को लेकर मंत्री ने कहा कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी। वन मंत्री डा. अरुण कुमार ने कहा कि समान निर्माण और और राष्ट्र राष्ट्र की प्रगति में शिक्षकों की अहम भूमिका है। लायंस प्रेसिडेंट उदित गोयल, संयोजक कुमार अग्रवाल, सचिव मुकेश अग्रवाल ने अतिथियों के साथ शिक्षकों का सम्मान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
