विश्वविद्यालय में अव्यवस्था और गंदगी देख भड़की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल

बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की कई प्रमुख कमियों को उजागर किया। उन्होंने छात्रावास आवंटन, छात्रावासों की कमियों, एक्सपायरी दवाओं, कक्षाओं में उपस्थिति, विश्वविद्यालय के छात्रावास व कैंपस में गंदगी समेत अन्य चीजों को विशेष तौर से सभी के समक्ष रखा और एक माह के अंदर इसे दूर कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुलाधिपति ने कहा कि जन भवन की टीम द्वारा विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया गया। जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आई हैं। विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए कहा कि कैंपस के नौ में से पांच बॉयज और चार गर्ल्स हॉस्टल में प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर का कोई छात्र मौजूद नहीं है और हॉस्टल खाली पड़े हैं। लगता है कि नया सत्र शुरू नहीं हुआ है, इसलिए आवंटन नहीं हुआ है। हॉस्टल मैस की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि मनोरमा हॉस्टल में एक्सपायरी डेट का पनीर और बिना मसाले का खाना दिया जा रहा है, वहीं दूसरे हॉस्टल में मीट मसाला मिला खाना परोसा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया, क्या यही खाना आप लोग खाते हैं? उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि लोकल मार्केट से पनीर व डेयरी उत्पाद लाने के बजाय विश्वसनीय ब्रांड का ही उपयोग किया जाए। 2021 की एक्सपायर्ड दवाइयां और छह महीने से सड़ रहा कबाड़ : विभागों की लापरवाही को उजागर करते हुए उन्होंने बताया कि फार्मेसी विभाग के डिस्प्ले में जून 2021 की एक्सपायरी डेट की दवाइयां रखी हुई हैं, जिन्हें तुरंत बदलने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कैंपस में छह महीने से पड़े कबाड़ और फर्नीचर की नीलामी न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। ओपन जिम के टूटे उपकरणों और मनोरमा हॉस्टल में वाशिंग मशीन न होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। कैंपस में गंदगी और अधूरे निर्माण कार्य पर मांगी रिपोर्ट : परिसर की साफ-सफाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि अरावली व नीलगिरी हॉस्टल के बीच, वनस्पति उद्यान के सामने और छात्रावासों के पीछे भारी गंदगी फैली हुई है। उन्होंने कहा, दीक्षांत समारोह एक उत्सव की तरह होता है। जैसे हम अपने घर को साफ रखते हैं, वैसे ही पूरा परिसर चमचमाता होना चाहिए था। फार्मेसी भवन, डिजिटल लर्निंग हब और इंटरनेशनल ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य अधूरा रहने का कारण भी पूछा। उन्होंने जनभवन को पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए कि कार्य बजट की कमी से रुका है या किसी अन्य समस्या से। विवि परिसर के ‘हॉस्टल में नॉनवेज मसालों में न पके खाना : दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय कैंपस में संचालित छात्रावास को लेकर कुलाधिपति ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने ऑनलाइन फूड डिलिवरी पर निगरानी और हॉस्टल में बनने वाले खानों में नॉनवेज मसालों का प्रयोग न हो इसके निर्देश दिए। विश्वविद्यालय के हॉस्टल के निरीक्षण में पाया गया कि छात्रों को हॉस्टल में खाना अच्छा नहीं मिल रहा है। हॉस्टल मेस में स्वाद बढ़ाने के लिए नॉनवेज मसालों का प्रयोग किया जा रहा है। जो नहीं होना चाहिए। यानि विश्वविद्यालयों द्वारा मेस की निगरानी नहीं की जा रही है। ऑनलाइन फूड डिलिवरी के नाम कोई मादक पदार्थ कैंपस में नहीं आना चाहिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *