बरेली। राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को सुलह-समझौते के आधार पर बरेली में 2,27,243 मामलों का निस्तारण किया गया। विभिन्न मामलों में 39.20 करोड़ की धनराशि के आदेश पारित किए गए। राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज प्रदीप कुमार सिंह ने किया।राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज उमाशंकर कहार ने बताया कि अदालत में विभिन्न न्यायालयों और विभागों से जुड़े मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। सेशन कोर्ट ने 810 मामलों का निस्तारण कर 20 लाख 37 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला। दीवानी अदालतों ने 1,107 मामलों का निस्तारण कर 1 लाख 20 हजार 729 रुपये जुर्माना वसूला। फौजदारी अदालतों ने 92,535 मामलों का निस्तारण कर 10 लाख 48 हजार 741 रुपये जुर्माने के आदेश दिए।लारा न्यायालय ने दो मामलों का निस्तारण कर 6 लाख 78 हजार 527 रुपये की समझौता राशि के आदेश दिए। वाणिज्यिक अदालत ने छह मामलों में 1 करोड़ 14 लाख 85 हजार 405 रुपये की समझौता राशि के आदेश जारी किए। एमएसीटी कोर्ट ने दुर्घटना क्लेम से जुड़े 296 मामलों का सुलह-समझौते से निस्तारण कर 19 करोड़ 70 लाख 14 हजार रुपये की क्लेम राशि के आदेश दिए। स्थायी लोक अदालत ने पांच मामलों में 37 लाख 79 हजार 500 रुपये की समझौता राशि के आदेश पारित किए। प्रशासनिक विभागों के 39,766 मामले सुलझे : प्रशासनिक अधिकारियों की अदालतों से जुड़े 39,766 मामलों का भी निस्तारण किया गया। संभागीय परिवहन विभाग ने 697 मामलों का निस्तारण कर 10 लाख 67 हजार 100 रुपये की राशि के आदेश किए। पुलिस विभाग ने 6,491 मामलों का निस्तारण किया, जिनमें 37,632 ई-चालान शामिल रहे। इन मामलों में 4 करोड़ 63 लाख 3 हजार 700 रुपये जुर्माने की राशि के आदेश दिए गए। जिला उपभोक्ता फोरम ने 27 मामलों का सुलह-समझौते से निस्तारण कर 89 लाख 49 हजार 101 रुपये की राशि के आदेश दिए। श्रम न्यायालय और श्रम कार्यालय ने 42 मामलों में 3 करोड़ 56 लाख 1 हजार 197 रुपये की राशि के आदेश जारी किए। बीडीए ने 12, स्वास्थ्य विभाग ने 2,135 और नगर निगम ने 12,035 मामलों का निस्तारण किया। बीएसएनएल ने 60 मामलों में 2 लाख 74 हजार 84 रुपये की राशि के आदेश किए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने 15,254 मामलों का निस्तारण किया। बंदियों के हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई : राष्ट्रीय लोक अदालत परिसर में केंद्रीय कारागार-प्रथम में निरुद्ध बंदियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प वस्तुओं तथा केंद्रीय कारागार-द्वितीय के बंदियों द्वारा तैयार औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई। लोगों ने हस्तशिल्प वस्तुओं और औषधीय पौधों की खरीदारी की। इस दौरान रंग विनायक रंगमंडल के कलाकारों तथा इन्वर्टिस विश्वविद्यालय और अन्य विद्यालयों के छात्रों ने न्यायालय परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए।।
बरेली से कपिल यादव
