बरेली। समाजवादी पार्टी की ओर से शनिवार को लाल फाटक के पास कश्यप समाज की पीडीए चौपाल एवं कैडर सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी किरन पाल कश्यप ने कहा कि पार्टी और उसकी विचारधारा उनके लिए सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि समाज को धर्म के नाम पर बांटने के बजाय शिक्षा, रोजगार, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। किरन पाल कश्यप ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति करने वालों की असलियत अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने राम के नाम पर चंदे और चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अताउर रहमान ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में जनता भाजपा की नीतियों का जवाब देगी। महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पूर्व विधायक विजय पाल सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश प्रजापति, राजकुमार पाल, सुप्रिया ऐरन, पीयूष वर्मा, अशोक यादव, सुरेंद्र सोनकर, नरेश सोलंकी, जितेंद्र मुंडे, धर्मपाल लोधी, आदेश यादव, राजेश मौर्य, बृजेश श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा आदि रहे।।
बरेली से कपिल यादव
