बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव थानपुर मे 20 वर्षीय बीएससी फाइनल की छात्रा चंचल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार देर रात करीब एक बजे के बाद गांव से होकर गुजरने वाली रेलवे लाइन पर उसका शव मिला। ट्रेन चालक ने ट्रैक पर शव पड़ा देखकर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक घटना के समय चंचल अपनी तीन बहनों और ताऊ के घर सो रही थी जबकि उसके पिता धर्मपाल गांव मे बन रहे नए मकान पर सो रहे थे। रात में चंचल अचानक घर से निकल गई। कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के बड़े भाई रिंगकेश ने बताया कि चंचल का किसी से कोई विवाद नही था और न ही हाल में किसी से उसकी कहासुनी हुई थी। वह ज्यादा मोबाइल फोन भी इस्तेमाल नहीं करती थी। अचानक हुई घटना से परिवार के लोग स्तब्ध हैं और मौत की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। चंचल तीन बहनों मे बीच की थी। उसकी मां का निधन हो चुका है। तीनों बहनें पिता के साथ रहती थी। चंचल बीएससी फाइनल की छात्रा होने के साथ घर के कामकाज मे भी हाथ बंटाती थी। उसका भाई रिंगकेश लेखपाल है।।
बरेली से कपिल यादव
