आंवला, बरेली। पिछले दिनों लगातार हुई वर्षावृष्टि के चलते रामगंगा किनारे तथा अरिल नदी के समीप के गांवों में पानी भर गया है। लोगों के मकानों में पानी भरा है। ऐसे में प्रभावित लोगों को बाढ़ राहत खाद्य सामग्री बांटी जा रही है। इसकी सूचना पर कई गांवों के ग्रामीण और महिलाएं काफी संख्या में तहसील कार्यालय पहुंच गए और हंगामा करने लगे। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने पात्र लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का आश्वासन दिया है। बताया गया कि तहसील में बांटने के लिए केवल तीन सौ पैकिट राहत खाद्य सामग्री के अभी तक प्राप्त हुए हैं। प्रशासन ने कुछ गांवों में जाकर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री मुहैया कराई। इस पैकिट में आटा, चावल, सब्जी आदि सामान है। इसकी सूचना फैलने पर मंगलवार को गांव दलीपपुर से काफी ग्रामीणों तहसील कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि दलीपपुर अरिल नदी के किनारे बसा हुआ है। इस बार अधिक वर्षा होने के कारण पूरा गांव बाढ़ से प्रभावित है, फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं हैं, कच्चे मकान गिर गए, उनके मकानों में पानी भी भरा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने कुछ लोगों को ही राहत सामग्री वितरित की है। बताया गया कि इस बीच वहां रहटुईया, नगरिया, पैगा, आसपुर गांव से भी लोग पहुंच गए। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नियमानुसार पात्र लोगों का राहत सामग्री वितरित की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
