रामगंगा ने काटी पुल की एप्रोच रोड, मीरगंज-आंवला मार्ग बंद

मीरगंज, बरेली। दो दिन की चक्रवाती बारिश के बाद बढ़े जलस्तर ने रामगंगा को विकराल कर दिया है। नदी ने मंगलवार रात गोरा लोकनाथपुर और बसंतपुर के बीच बने पुल की गोरा लोकनाथपुर साइड की एप्रोच रोड काट दी। एप्रोच रोड की बालू और मिट्टी बह जाने से पुल और सड़क के बीच करीब सात-आठ मीटर चौड़ी और इतनी ही गहरी खाई बन गई। इससे मीरगंज और आंवला तहसीलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग बंद होने से दोनों तहसीलों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई। ग्रामीणों ने दोनों ओर से आने वाले वाहनों को रोककर वापस लौटाया। बुधवार सुबह एप्रोच रोड कटने की सूचना मिलते ही एसडीएम निधि शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, भगत सिंह, अवर अभियंता कुलदीप कुमार और अजीम शहनवाज समेत अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। एडीएम वित्त संतोष बहादुर सिंह ने मौके का निरीक्षण कर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सड़क जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बरेली से पीएसी की रेस्क्यू टीम भी बुला ली। एप्रोच रोड कटने के बाद पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पूरे दिन मौके पर डटे रहे। एसडीएम की मौजूदगी में कटे हिस्से को भरने का काम शुरू कराया गया। प्लास्टिक के बोरों में मिट्टी भरकर खाई में डाली जा रही है। इसके साथ ही बोरों के बीच जेसीबी से मिट्टी भरकर रास्ते को मजबूत किया जा रहा है। एडीएम वित्त संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि दो दिन की चक्रवाती बारिश के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ा। नदी अपने मूल प्रवाह से हटकर एप्रोच रोड के पास बह रही है। इससे सड़क कट गई और रास्ता बाधित हो गया। पीडब्ल्यूडी को मरम्मत कर सड़क जल्द चालू कराने के निर्देश दिए गए है। पीडब्ल्यूडी के जेई कुलदीप कुमार ने बताया कि सड़क को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। जल्द काम पूरा करने का प्रयास है। विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने भी अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की ओर से स्टीमेट भेजे जाने पर शासन से धनराशि जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। वही एप्रोच रोड मंगलवार रात करीब आधी रात के बाद कटनी शुरू हुई। बसंतपुर के झाला निवासी इकबाल सिंह रात करीब 3:30 बजे बाइक से गोरा जा रहे थे। पुल के उत्तरी दिशा में उन्हें एप्रोच रोड करीब एक मीटर नीचे धंसी मिली। बाइक की रफ्तार कम होने के कारण वह हादसे का शिकार होने से बच गए। इकबाल सिंह ने तत्काल गोरा लोकनाथपुर के ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह को सूचना दी। प्रधान मौके पर पहुंचे और आंवला तथा मीरगंज दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों को रोक दिया। उन्हें वापस भेज दिया गया। प्रधान ने बताया कि समय रहते वाहन रोक दिए गए, वरना अंधेरे में कई वाहन कटे हिस्से में गिर सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *