राजस्थान/बाड़मेर- आगामी नगर निकाय चुनाव -2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कांवट को विद्यालय की छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता के संदेश से सुसज्जित राखियां बांधकर मतदान का संदेश दिया गया।
उप प्राचार्य रामेश्वरी चौधरी एवं विजया कुमारी के नेतृत्व में सुशील कुमार यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार कांवट को रक्षासूत्र बांधे। इन राखियों को राजकीय विद्यालयों की बालिकाओं ने विशेष रूप से मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया है। राखियों पर मतदान करने, लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मतदाता जागरूकता संदेश उकेरे गए हैं। बालिकाओं ने मतदान के संदेश के साथ राखियों को आकर्षक एवं रचनात्मक रूप से सजाया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर कार्यालय में उपस्थित अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, उपखंड अधिकारी राजेश कुमार, पचपदरा तहसीलदार विसन सिंह सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों को भी छात्राओं द्वारा रक्षासूत्र बांधकर आगामी नगर निकाय चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का संदेश दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां आमजन तक मतदान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से आगामी नगर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।
— राजस्थान से राजूचारण
