मॉडर्न विलेज का मालिक कॉलोनाइजर राकेश शर्मा गिरफ्तार, दर्ज है 26 मुकदमे

बरेली। मॉडर्न विलेज के मालिक एवं कॉलोनाइजर राकेश शर्मा को भोजीपुरा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। धोखाधड़ी के मुकदमे में वांछित चल रहे राकेश को पुलिस ने बिल्वा चौकी के सामने से दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड खंगाला गया तो उसके खिलाफ मुकदमों की फेहरिस्त लंबी निकली। वर्ष 1999 से अब तक उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 26 मुकदमे दर्ज है। भोजीपुरा पुलिस के मुताबिक मॉडर्न विलेज घंघोरा पिपरिया निवासी राकेश शर्मा पुत्र स्व. प्यारेलाल शर्मा धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार को उसके बिल्वा चौकी के सामने मौजूद होने की जानकारी मिली तो पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद थाने लाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। राकेश शर्मा का पुलिस रिकॉर्ड करीब ढाई दशक पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 1999 से उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद अलग-अलग वर्षों में मामले जुड़ते गए और अब इनकी संख्या 26 तक पहुंच गई है। इनमें धोखाधड़ी के साथ जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, रंगदारी मांगने, लूट और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों से जुड़े मुकदमे शामिल बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राकेश शर्मा के खिलाफ मामले सिर्फ भोजीपुरा थाने में ही नहीं हैं। कैंट, इज्जतनगर, देवरनियां और बिथरी चैनपुर थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज है। पुलिस के मुताबिक मौजूदा कार्रवाई धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में दर्ज मामले को लेकर की गई। आरोपी के लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहने के कारण टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। शनिवार को बिल्वा क्षेत्र में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और उसे पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई में जुटी थी। टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, अजय सिंह, प्रणव मौर्य और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद राकेश शर्मा को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *