भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र के कांवड़ सेवा शिविर में महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय तथा कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कांवड़ियों का सम्मान और स्वागत किया। कैंप में बालिका कांवड़ियां भी पहुंची थी। बरेली-बदायूं रोड पर कछला से गंगा जल लेकर तमाम कांवड़ियों के जत्थे लौट रहे हैं। उनके लिए सेवा शिविर लगाया गया है। महिला आयोग सदस्य ने कांवड़ सेवा शिविर में महिला कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिला कांवड़ियों के लिए उपलब्ध विश्राम, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा सेवा-सुविधाओं की सराहना की। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेवा शिविर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कांवड़ियों के साथ संवाद किया और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके अलावा, भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री पूरनलाल लोधी, जिलाध्यक्ष आदेश कुमार सिंह, डीएम अविनाश सिंह, एडीएम एफआर संतोष कुमार, एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, तहसीलदार अतुल सेन सिंह, नायब तहसीलदार दीप्ति पाल, प्रतिष्ठा साहू आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। नगला और पथरा कंपोजिट स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने कई भजनों पर जमकर डांस किया। कांवड़ियों के लिए चिकित्सा सहायता कैंप लगाया गया। इसमें डॉक्टरों ने कांवड़ियों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की।।
बरेली से कपिल यादव
