भाखड़ा नदी के कटान का निरीक्षण कर दिए ओवरहेड टैंक बचाने के निर्देश

मीरगंज, बरेली। डीएम ने जलजीवन मिशन और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ पहुंचा बुजुर्ग गांव में भाखड़ा नदी की बाढ़ से पानी की टंकी के पास हो रहे कटान का निरीक्षण किया। डीएम ने ओवरहेड टैंक को बचाने के लिए सुरक्षात्मक व कटान निरोधात्मक कार्य करने के निर्देश बाढ़ खंड को दिए। बाढ़ खंड कटान क्षेत्र में फ्लड फाइटिंग का कार्य करेगा। डीएम अविनाश सिंह ने गुरुवार को मीरगंज के ग्राम पहुंचा बुजुर्ग में नदी के बढ़ते जलस्तर और नदी के कटान से उत्पन्न संभावित खतरे का जायजा लिया। डीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारियों से कहा कि ओवरहेड टैंक की सुरक्षा को तत्काल सुरक्षात्मक एवं कटान निरोधात्मक कार्य कराएं। डीएम ने कटान वाले संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और ओवरहेड टैंक की संरचनात्मक सुरक्षा का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि नदी में पानी अधिक है। ऐसी स्थिति में कटान रोकने को करीब 200 मीटर क्षेत्र में एक दो दिन में फ्लड फाइटिंग का कार्य शुरू कर दिया जायेगा। पानी कम होने पर सर्वे कर परियोजना बनाकर शासन को भेजी जाएगी। डीएम ने अधिकारियों से कहा महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर निगरानी रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। निरीक्षण में सीडीओ देवयानी, एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) आकांक्षा सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड नीरज कुमार लांबा, सहायक अभियंता सत्यभान और जेई पंकज कुमार उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *