बरेली। मलेरिया-डेंगू का हमला भले ही इस साल कम हो, बुखार से जिला तपने लगा है। जिला अस्पताल में ओपीडी से लेकर आईपीडी तक, मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल का फीवर वार्ड पूरी तरह भर गया है। यहां बेंच लगाकर मरीजों को भर्ती किया गया है। इतना ही नहीं, मलेरिया-डेंगू के लिए आरक्षित वार्डों में भी बुखार के गंभीर मरीज भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। खासकर फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन और ईएनटी विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। इस समय बुखार, पेट दर्द, उलटी-दस्त के साथ ही गले में खरांस, दर्द होने की परेशानी तेजी से बढ़ रही है। वहीं दूसरी ओर, बुखार का हमला लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 2 हजार से अधिक मरीजों का पंजीकरण हुआ। ओपीडी में मरीजों की भीड़ का असर पैथलाजी और अल्ट्रासाउंड केंद्र पर भी दिखा। दोनों जगह मरीजों की दोपहर 2 बजे के बाद भी लाइन लगी रही। वही जांच के बाद दवा लेने के लिए मरीजों को परेशानी हुई। पांच दवा काउंटर होने के बाद भी मरीजों को भीड़ के चलते 2:20 बजे तक दवा बांटी गई। फतेहगंज पश्चिमी में मिली डेंगू संक्रमित : बरेली। फतेहगंज पश्चिमी के गुहाना की महिला डेंगू संक्रमित मिली है। बुखार होने पर उसकी जिला अस्पताल में जांच हुई थी जिसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। आईडीएसपी और आरआरटी टीम महिला के घर पहुंची और परिजनों के सेहत की जानकारी ली। जिले में अब इस साल डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 6 हो गई है। गौहाना की रहने वाली महिला की कई दिन से तबियत खराब थी। उसे तेज बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में दिखाया। वहां डेंगू संक्रमण के लक्षण मिलने पर डॉक्टर ने जांच कराने को कहा। जांच में वह डेंगू पाजिटिव आई है। महिला की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। एपिडेमियोलाजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास के निर्देशन में महिला के परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई।।
बरेली से कपिल यादव
