बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। प्राधिकरण की सचिव वंदिता श्रीवास्तव को उनके पद से हटा दिया गया है। शासन स्तर पर हुए इस बदलाव के बाद बीडीए सचिव की कमान अब नए हाथों में सौंप दी गई है। सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक हिमांशु कुमार गुप्ता को बरेली विकास प्राधिकरण का नया सचिव नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर वंदिता श्रीवास्तव को स्थानांतरित करते हुए उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज मे उपनिदेशक (प्रशासन) के पद पर तैनात किया गया है। प्राधिकरण मे हुए इस बदलाव की पुष्टि करते हुए बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि सचिव वंदिता श्रीवास्तव को पद से रिलीव कर दिया गया है। नए सचिव हिमांशु कुमार गुप्ता जल्द ही प्राधिकरण पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे। इस अचानक हुए फेरबदल को शहर के विकास कार्यों और प्रशासनिक कार्यशैली को और अधिक गति देने के रूप में देखा जा रहा है। नए सचिव के सामने शहर में जारी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने की मुख्य चुनौती होगी।।
बरेली से कपिल यादव
