बिजली काटने की शिकायत डीएम से करते हुए महिला ने लगाए तमाम आरोप

बरेली। ट्यूलिप ग्रांड अपार्टमेंट में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति ने सोसायटी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भुगतान के बावजूद फ्लैट की बिजली काट दी गई, जिससे हृदय रोगी और दिव्यांग बुजुर्ग भीषण गर्मी में रहने को मजबूर हैं। पीड़ित दंपति ने डीएम और एसएसपी से तत्काल राहत दिलाने की मांग की है। डीएम को दिए शिकायती पत्र में 65 वर्षीय अंजू चड्डा ने बताया कि वह अपने 70 वर्षीय पति राजीव चड्डा के साथ फ्लैट में रहती हैं। उनके पति गंभीर हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनका एक पैर भी काटा जा चुका है। चिकित्सकों ने उन्हें ठंडे वातावरण में रखने की सलाह दी है, लेकिन बिजली न होने के कारण पंखा, एसी और अन्य जरूरी उपकरण तक नहीं चल पा रहे हैं। दंपति का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उनके पति की जान को खतरा हो सकता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 जुलाई को बिजली रीचार्ज न होने के कारण सप्लाई बंद हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस के हस्तक्षेप से कुछ समय के लिए बिजली चालू हुई, लेकिन बाद में फिर रीचार्ज नहीं कराया गया। इसके बाद से पूरा परिवार गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर है। उनका आरोप है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। बुजुर्ग दंपति का कहना है कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से किसी को वंचित करना अमानवीय है। खासकर तब, जब मामला गंभीर रूप से बीमार और बुजुर्ग लोगों का हो। शिकायत में कहा गया है कि लगातार बिजली न मिलने से मानसिक तनाव बढ़ रहा है और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पीड़िता ने डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *