राजस्थान/बाड़मेर- सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने जिले के जर्जर एवं गिरने योग्य घोषित राजकीय विद्यालय भवनों को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त सूचनाओं एवं पंचायत समिति स्तर पर गठित समितियों की रिपोर्ट के आधार पर पंचायत समिति बालोतरा क्षेत्र के तिरेसठ विद्यालय कक्षों एवं भवनों को जर्जर एवं गिरने योग्य घोषित किया गया है। इन भवनों को सार्वजनिक सुरक्षा तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत ध्वस्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला कलक्टर यादव ने संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई पूर्ण कर पन्द्रह दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
— राजस्थान से राजूचारण
