बाड़मेर/राजस्थान- नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में पचपन वार्डों के लिए शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मतदान हुआ। इस दौरान कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल तथा पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान प्रक्रिया, ईवीएम के संचालन तथा मतदाताओं की कतार के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर स्थापित वोटर हेल्प डेस्क, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, पेयजल, छाया एवं बैठने सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने मतदान केंद्रों में कानून एवं सुरक्षा संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मतदान दिवस पर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के साथ एवं मोबाइल पुलिस पार्टियों की ओर से गश्त की गई।
मतदाताओं ने दिखाया उत्साह
बाड़मेर जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण में तहत बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। बुधवार प्रातः 7 से शाम 6 बजे तक चले मतदान में 81.57 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद चुनाव में 63 हजार 78 में से 51 हजार 454 मतदाताओं ने मतदान किया l
बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में नगर निकाय निर्वाचन के दौरान मतदान को लेकर मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला। सुबह से कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं और मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने पहुंचे। मतदान के लिए 68 बूथ बनाए गए थे, जिनमें से 32 संवेदनशील और 20 अति संवेदनशील घोषित किए गए थे। इन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर चिन्मयी गोपाल तथा पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और कानून- व्यवस्था का जायजा लिया। मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया, रैंप और व्हीलचेयर जैसी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि समस्त मतदाता आसानी से अपना वोट डाल सकें। इधर, जिला मुख्यालय पर नगर निकाय चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी।
— राजस्थान से राजूचारण
