बहनों ने राखी बांधकर की दार्घायु की कामना, भाइयों ने भी जीवनभर साथ और सुरक्षा का दिलाया भरोसा

बरेली। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को शहर से लेकर गांव तक हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर साथ और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। शहरी और ग्रामीम बाजार ने भी त्योहार का जमकर स्वागत किया। कपड़े, मिठाई ,राखी और उपहार की दुकानों में पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ लगी रही। रक्षाबंधन पर बहनों ने शुभ मुर्हत में भाई का तिलक कर, आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर उनकी कलाई में रक्षासूत्र बांधा। भाइयों से मिले उपहार पाकर बहनों के चेहरे खिल उठे। कई परिवारों में वर्षों बाद साथ आए भाई-बहनों की मुलाकात ने पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं। दूर रह रहे भाई-बहनों ने वीडियो कॉल के जरिए एक-दूसरे से जुड़कर पर्व की खुशियां साझा कीं। राखी बांधते समय बहनों की आंखों में स्नेह तो भाइयों के चेहरों पर जिम्मेदारी का भाव नजर आया। इस दौरान घर-परिवार में दिनभर हंसी-खुशी का माहौल रहा। इस दौरान लोगों ने शुभ संयोग में त्योहार मनाया। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया न होने से शुक्रवार को भोर से लेकर देररात तक राखी बांधी गई। रक्षाबंधन पर्व पर शहर में पतंगबाजी की परंपरा भी हर्षोल्लास के साथ निभाई गई। अलग-अलग इलाकों में लोगों ने खूब पतंग उड़ाई और आपस में पतंगों से पेच लड़ाए। कई जगह हाथ में राखी बंधते ही लोगों ने पतंगबाजी शुरू करी दी। इसके कारण पूरे दिन आसमान में रंग बिरंगी पतंगे उड़ती दिखी। सीबीगंज, किला, बाकरगंज, लोहिया विहार, इज्जतनगर, पुराना शहर में लोगों ने खूब पतंग उड़ाई। रक्षाबंधन पर मां संतोषी का जन्मदिवस मनाया : बरेली। सिद्धयोग शक्ति दरबार के प्रांगण में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व मां संतोषी के जन्मदिवस के रूप में मनाया गया। साधकों ने संस्थापक गुरुदेव गोविन्द और गुरुमाता आस्था को राखियां बांधकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण हुआ। गुरुदेव गोविन्द ने बताया कि उनका जन्म रक्षाबंधन के दिन हुआ था, इसलिए इस दिन उनका जन्मदिवस मनाया जाता है। सुबह से लेकर दोपहर तक जमकर बिकी मिठाइयां : बरेली। रक्षाबंधन के त्योहार ने बाजारों की सुस्ती पूरी तरह खत्म कर दी। मिठाई से लेकर राखी, कॉस्मेटिक्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कपड़ों के बाजार में बंपर बिक्री हुई। शुक्रवार को भी सुबह से दोपहर तक रखी, मिठाई और उपहारों की बिक्री देखी गई। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग की भारी छूट के बावजूद स्थानीय बाजारों पर ग्राहकों का भरोसा कायम है। महंगाई बढ़ने के बावजूद मिठाई की जमकर बिक्री हुई। रक्षाबंधन के साथ रेलवे स्टेशनों पर मनाया संरक्षा बंधन : बरेली। रक्षाबंधन के पर्व पर रेलवे ने संरक्षा बंधन के रूप में मनाया। बरेली जंक्शन पर वाणिज्य प्रबंधक मुरादाबाद रेल मंडल महेश यादव के नेतृत्व में स्काउट-गाइड संगठन की बहनों ने ट्रेन के लोको पायलट, गार्ड, टीटीई, स्टेशन के अन्य स्टाफ को राखी बांधी। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *