बरेली। जनपद मे मानसून की सक्रियता ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले को पानी-पानी कर दिया है। पूरे दिन बादल मंडराते रहे। रुक-रुककर दोपहर तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। शनिवार की रात भी भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए आरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी की मार झेल रहे शहरवासियों के लिए मौसम काफी राहत लेकर आया। मानसून की बारिश के असर से अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शहर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दिन भर बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होती वर्षा के बीच आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत तक बना रहा, जिसके कारण दिन में उमस जरूर महसूस की गई, लेकिन पारे में गिरावट ने गर्मी की तपिश को बेअसर कर दिया। एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में 59.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मानसून के इस आक्रामक रुख को देखते हुए मौसम केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। रविवार के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए है। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि ऑरेंज अलर्ट (भारी से बहुत भारी वर्षा) मध्यम स्तर की चेतावनी है। इसका मतलब है कि मौसम अधिक बिगड़ सकता है जैसे तेज बारिश, तूफान या बिजली गिरने की आशंका। इस स्थिति में मौसम विभाग अलर्ट और प्रशासन अलर्ट जारी कर लोगों को घरों में रहने की सलाह देता है। वहीं, येलो अलर्ट भारी वर्षा की ओर से संकेत करता है।।
बरेली से कपिल यादव
