बरेली। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसानों के साथ बैठक की गई। जिसमें बहेड़ी की चीनी मिल को पुनः नीलामी की प्रक्रिया के संबंध में किसानों को बताया गया। डीएम ने बताया, एक अगस्त 2026 से सर्किल रेट बढ़ रहे हैं, तो अब नए बढ़े हुए सर्किल रेट पर नीलामी की कार्यवाही होगी। जादूनगर टांडा की जमीन भी इस नीलामी में शामिल हो रही है। डीएम ने किसानों से अपील की है,अपने लोगों एवं संबंधितों को भी जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग नीलामी में प्रतिभाग करें। उन्होंने बताया कि पहले भी 07 बार नीलामी कैंसिल हुई है, इसलिए आप लोग भी सार्थक कदम उठाएं, जिससे अधिक से अधिक बोली पर नीलामी सफल हो। किसानों द्वारा ओसवाल चीनी मिल की नीलामी कराने का भी अनुरोध किया गया, जिस पर अवगत कराया गया कि ओसवाल चीनी मिल की भी मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है। मूल्यांकन उपरांत उसकी भी नीलामी की तिथि भी तय की जाएगी। बैठक में किसानों ने बिजली की समस्या को लेकर लाइनमैन के भी स्थान परिवर्तन करने की भी अपील की तथा निराश्रित पशुओं की भी समस्या बताई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, गन्ना विभाग के अधिकारी, कृषि अधिकारी, एसओसी चकबंदी, सहकारिता/स्टाम्प रजिस्ट्री विभाग के अधिकारी सहित कृषक बंधु गण उपस्थित रहे। खाद मिलने में ई-पॉश मशीनों की दिक्कत : किसानों ने डीएम को बताया कि ई-पॉश मशीन नहीं चलती है। जिससे खाद मिलने में दिक्कत होती है। किसानों को जिला कृषि अधिकारी द्वारा बताया गया कि ई-पॉश मशीनें लखनऊ स्तर से ही अपडेट किया जा रहा है,इस कारण कुछ असुविधा हुई, अब ई-पॉश मशीनें अपडेट हो गई हैं। अब कोई समस्या खाद मिलने में नहीं होगी।।
बरेली से कपिल यादव
