बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़, 45 स्कूली वाहन मानकों के मिले विपरीत

बरेली। स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा संचालित “मिशन सेफ फ्यूचर-2.0” अभियान स्कूली वाहनों के खिलाफ चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत बरेली मंडल में विद्यालयी वाहनों का विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही लगातार की जा रही है। अभियान के दौरान 45 वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं वैध अभिलेखों के अनुरूप संचालित होते नही मिले। ऐसे वाहनों के खिलाफ चालान आदि की कार्रवाई की गई। आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह के नेतृत्व में स्कूली वाहनों की चेकिंग को चारों जिलों में टीमें लगाई गई हैं। वाहनों की फिटनेस, परमिट तथा अन्य अनिवार्य अभिलेख चेक किये जा रहे हैं। चेकिंग के दौरान 45 वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं वैध अभिलेखों के अनुरूप संचालित होते नहीं पाए गए। परिवहन विभाग द्वारा ऐसे वाहनों के विरुद्ध चालान, निरुद्धीकरण एवं अन्य नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। अभियान के दौरान चिन्हित विद्यालयों एवं वाहनों की पुनः जांच भी की जाएगी। जिन विद्यालयों द्वारा कमियों का निराकरण नहीं कराया जाएगा, उनके विरुद्ध मोटरयान 1988 एवं उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली, 1998 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को दिए निर्देश : विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय में संचालित प्रत्येक वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र वैध एवं अद्यतन रखते हुए ही उसका संचालन सुनिश्चित करें। जीपीएस, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी एवं आपातकालीन निकास सहित सभी निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाएं कार्यशील स्थिति में रखी जाएं तथा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस,चरित्र प्रमाण पत्र एवं निर्धारित योग्यता होना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी दशा में अनफिट, बिना परमिट अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा न करने वाले वाहन से बच्चों का परिवहन न कराया जाए। किसी दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना की स्थिति में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन व वाहन स्वामी की जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार विधिक एवं प्रवर्तनात्मक कार्यवाही की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *