सीबीगंज, बरेली। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक आइस क्रीम फैक्ट्री के चालक की बनारस में सड़क हादसे मे मौत हो गई। परिजन, बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार व कार्यकर्ता शव लेकर फैक्ट्री गेट पर धरना देने के लिए जाने लगे, लेकिन पुलिस में उन्हें रास्ते में रोक लिया। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट पर जमकर हंगामा किया। तीन घंटे बाद फैक्ट्री प्रबंधन आर्थिक सहायता के रूप में एक लाख रुपए देने को तैयार हो गया मगर परिजनों रुपये लेने से इन्कार कर दिया। अब गुरुवार सुबह फिर वार्ता होगी। फिलहाल, मृतक के परिजनों ने समझौता न होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। सीबीगंज के गांव के गांव खड़ौआ निवासी मुनीश कुमार गंगवार (26) आइस क्रीम फैक्ट्री में ठेकेदार जाहिद के अधीन एयर कंडीशनर ट्रक चलाते थे। वह सप्ताह भर पहले फैक्ट्री से माल लेकर उड़ीसा गए थे। 27 जुलाई को वहां माल उतारकर लौट रहे थे। बीती रात बनारस में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। परिजन बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर ले जाने की बजाय फैक्ट्री पहुंच गए। सूचना मिलते ही सीओ द्वितीय नितिन कुमार, थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर दो पर पहुंच गए। एंबुलेंस को शव समेत फैक्ट्री से तीन सौ मीटर पहले ही रोक लिया। जिसके बाद परिजन व ग्रामीण फैक्ट्री गेट पर एकत्र हो गए। करीब तीन घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से प्रबंधन की वार्ता कराई। प्रबंधन एक लाख रुपये आर्थिक मदद के तौर पर देने को तैयार हो गया, मगर परिजनों ने वह लेने से मना कर दिया। परिजन शव फैक्ट्री गेट पर रखे रहने पर अड़े रहे, मगर पुलिस के समझाने पर वह शव घर ले गए मगर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि अगर प्रबंधन ने आर्थिक सहायता नहीं दी तो वह फिर शव को फैक्ट्री गेट पर लाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
