फर्जी दस्तावेजों से लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। थाना भोजीपुरा पुलिस ने पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से तीन लाख 50 हजार रुपये नकद, 28 चेकबुक, सात बैंक पासबुक, 75 डेबिट कार्ड, आठ आधार कार्ड, फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और 12 मोबाइल फोन समेत काफी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों से संपर्क करते थे और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर लोन की रकम हासिल करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोगों के आधार कार्ड में पता बदलकर नए सिम हासिल करते थे, जिसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे। पुलिस ने राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्णा गुप्ता, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता और ऋषभ कुमार सक्सेना को गिरफ्तार किया है। पूछताछ मे आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आमिर खां उर्फ यामिर खां के भी गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस गिरोह में बैंक के एजेंट भी शामिल हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *