फरीदपुर थाने के गेट पर शव रखकर मुकदमा दर्ज करने की मांग

फरीदपुर, बरेली। पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए परिजनों ने युवक का शव थाने के गेट पर रखा। पुलिस ने जांच करके कार्रवाई करने का भरोसा देकर युवक का शव घर भिजवाया। परिजनों ने पत्नी समेत उसके मायके वालों के खिलाफ तहरीर दी है। फरीदपुर के बीसलपुर रोड आनंद विहार कॉलोनी निवासी रंजीत (24 वर्ष) पुत्र रामकुमार प्लाईवुड फैक्ट्री मे काम करता था। उसकी शादी 2 वर्ष पहले पीलीभीत के बीसलपुर के दुवहा के घनश्याम की पुत्री रोशनी से हुई थी। छह अगस्त को रंजीत ने अपनी पत्नी रोशनी को फोन पर किसी से बात करते देख लिया। रोशनी ने अपना फोन जला दिया और सिम चबाकर तोड़ डाला। इसके बाद वह गहने और नकदी लेकर घर से फरार हो गई। परिवार के लोगों ने फरीदपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बाद रोशनी और उसके मायके वाले रंजीत को परेशान करने लगे। 26 अगस्त को रोशनी के मायके वाले फरीदपुर पहुंचे। उन्होंने रंजीत के साथ गाली गलौज की। इसके बाद रंजीत डिप्रेशन में आ गया। शुक्रवार को परिवार के अन्य लोग रक्षाबंधन के त्योहार पर रिश्तेदारी में गए थे। घर में रंजीत के पिता रामकुमार मौजूद थे। रंजीत ने कमरे मे जाकर फंदे पर लटक कर जान दे दी। रामकुमार ने बेटे का शव फंदे पर लटकता देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद रंजीत का शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। शनिवार को परिवार के लोग पोस्टमार्टम के बाद रंजीत का शव लेकर पहुंचे। उन्होंने शव थाने के गेट पर रख दिया। पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। इसके बाद परिवार के लोग रंजीत का शव घर ले गए। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। रंजीत के पिता रामकुमार ने बताया कि बेटे रंजीत की पत्नी का दूसरे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह घर से गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। उसने इंस्टाग्राम पर दूसरे युवक के साथ फोटो वायरल किया। इसके बाद से उनका बेटा डिप्रेशन मे आ गया। परिवार के लोग समझाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन वह डिप्रेशन से नही निकल पाया और आत्महत्या कर ली।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *