पेपर लीक पर बरेली में फूटा युवाओं का गुस्सा, भीम आर्मी का कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च

बरेली। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बरेली में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ। दामोदर पार्क में धरना देने के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। धरना समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। ज्ञापन में कहा गया कि NEET, JEE, रेलवे, SSC, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और आंदोलन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *